कटनी। शहर के एन.के.जे. थाना अंतर्गत खिरहनी क्षेत्र में चाकूबाजी कर सनसनी फैलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने न केवल सलाखों के पीछे पहुँचाया, बल्कि उनका उसी क्षेत्र में जुलूस भी निकाला जहाँ उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों के मन में खौफ और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना है।
थाना प्रभारी रूपेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना 16 अप्रैल की रात करीब 4 बजे की है। जिला अस्पताल कटनी से पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक चाकूबाजी की घटना में घायल होकर उपचार के लिए भर्ती हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुँची।
वहाँ मौजूद घायल लव उर्फ अभिषेक साहू, शिव पूजन साहू और मनोज साहू का बयान लिया गया। घायलों में मनोज साहू की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया।
पुरानी रंजिश और गाली-गलौज बनी वजह
घायल लव उर्फ अभिषेक ने पुलिस को बताया कि आरोपी आर्यन दुबे, अंकित चौधरी और विक्की यादव ने उन्हें घेर लिया और मां-बहन की अश्लील गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य साथियों के साथ भी मारपीट की गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं 296 बी, 109(1), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की गई। घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से आर्यन दुबे,अंकित चौधरी (पिता कमलेश चौधरी, निवासी दुर्गा चौक, बड़ी खिरहनी) विक्की यादव (उम्र 19 वर्ष, निवासी छोटी खिरहनी को गिरफ्तार किया
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तारी के बाद एन.के.जे. पुलिस ने आरोपियों को उसी इलाके में पैदल ले जाकर उनका जुलूस निकाला, जहाँ उन्होंने खूनी खेल खेलकर लोगों में दहशत पैदा की थी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। थाना प्रभारी का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



