चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में गुरुवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। ताजपुर और बथावर गांव के सिवान में अचानक आग लगने से कई बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया जिससे आसपास के खेतों में भी नुकसान बढ़ता गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने पानी मिट्टी और हरे पेड़ों की डालियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि कई बार दमकल विभाग को फोन किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।
किसानों का आरोप है कि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था। आग बुझाने के दौरान कई किसानों की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
लगातार हो रही आगलगी की घटनाओं से क्षेत्र के किसान दहशत में हैं और प्रशासन से सुरक्षा व मुआवजे की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और फायर ब्रिगेड व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

