कुरूद। परिक्षेत्र साहू समाज तर्रागोंदी के तत्वाधान में ग्राम भेलवाकूदा में वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक लेखराम साहू तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ साहू संघ विपिन साहू ने की। इस अवसर पर दयाराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि भक्त शिरोमणि माता कर्मा केवल साहू समाज की आराध्य ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति के लिए भक्ति और साहस की प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि माता कर्मा जयंती के अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों के बीच उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने साहू समाज के संगठन, सेवा भाव और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज सदैव जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है।
विशिष्ट अतिथि लेखराम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहू समाज छत्तीसगढ़ में शिक्षित एवं जागरूक समाज के रूप में अपनी पहचान रखता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें जो भी सफलता मिली है, वह माता कर्मा और समाज के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को माता-पिता और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश देते हुए कहा कि यही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में सफल हुए प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। समाज द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने समाज के पदाधिकारियों से अपील की कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की जाए, ताकि वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर जिला साहू समाज धमतरी के अध्यक्ष गणेश साहू, तहसील अध्यक्ष भखारा कामता प्रसाद साहू, जनपद अध्यक्ष कुरूद गीतेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


