कुरुद। कुरूद नगर के सिरसा चौक में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक रिहायशी मकान में अचानक एलपीजी सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, जिससे जनहानि टल गई। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकान के भीतर रखा सामान बुरी तरह बिखर गया, दीवारों में दरारें आ गईं और छत का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
धमाके के बाद घर में आग लग गई और काला धुआं फैलने लगा। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और रेत की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव या तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है। इस घटना में घर के अंदर रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर खाक हो गईं, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडर के उपयोग में सतर्कता बरतने की अपील की है।

