कुरूद । बाबा साहेब डॉ भीम राव अंबेडकर की जयंती पर कुरूद विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समरसता और जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम हंचलपुर, बंगोली और दरबा में हुए आयोजनों में विधायक अजय चंद्राकर बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर ग्राम हंचलपुर में नवनिर्मित ‘महार समाज भवन’ का विधिवत लोकार्पण किया गया। भवन के उद्घाटन को ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि यह स्थल भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे समाज को एकजुटता का नया मंच मिलेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री चंद्राकर ने बाबा साहेब के विचारों को रेखांकित करते हुए कहा, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।” उन्होंने कहा कि यह संदेश आज भी समाज को आगे बढ़ने और सशक्त बनने की प्रेरणा देता है। उनके अनुसार शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज में समानता, अधिकार और आत्मसम्मान की भावना विकसित होती है।
विधायक ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और समता का प्रतीक है और उनके विचार संपूर्ण समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और बाबा साहेब के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सामाजिक समरसता और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन के अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में महार समाज के लोग व ग्रामीणजन उपस्थित थे।


