मनमोहन (चंदौली)
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र से एक ही परिवार के तीन बच्चों के एक साथ लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला बेचूपुर नई बस्ती का है, जहां सोमवार सुबह स्कूल के लिए निकले तीनों बच्चे देर शाम तक घर नहीं लौटे, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
लापता बच्चों की पहचान 13 वर्षीय पलक, 7 वर्षीय आमिर और 6 वर्षीय आयत के रूप में हुई है। तीनों बच्चे सेंट जेवियर स्कूल में पढ़ते हैं और रोज की तरह सोमवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन देर शाम तक बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घबराए परिजन मुगलसराय थाना पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एक ही परिवार के तीन बच्चों के अचानक लापता होने से पुलिस भी सतर्क हो गई है।
मुगलसराय थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर दी गई है। आसपास के इलाकों, स्कूल जाने के मार्ग, सीसीटीवी कैमरों और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी बच्चों की तलाश में पुलिस की मदद कर रहे हैं। परिजन बच्चों की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
तीनों बच्चों के एक साथ लापता होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं—क्या बच्चे रास्ता भटक गए, किसी ने बहला-फुसलाकर ले गया, या फिर कोई अन्य वजह है? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

