धमतरी। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कुरूद विकासखंड के ग्राम कुल्हाड़ी में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, पंचायत और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुल्हाड़ी में लंबे समय से शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किए गए थे, जिनमें पक्के निर्माण, दीवारें और घेराबंदी शामिल थीं। प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर समझाइश दी थी। इसका असर यह हुआ कि अधिकांश लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया। मौके पर किसी प्रकार का विरोध या तनाव देखने को नहीं मिला, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक भूमि को मुक्त कर उसे आमजन के उपयोग में लाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि गांवों में सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा सके।


