धमतरी। जिले के शासकीय उद्यानों में लगे आमों की नीलामी 15 अप्रैल से शुरू होगी। उद्यानिकी विभाग ने इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह नीलामी जिले की तीन रोपणियों—बिन्द्रानवागांव, भाठागांव और सेमरा—में अलग-अलग तिथियों पर आयोजित की जाएगी।CG NEWS
नीलामी की शुरुआत 15 अप्रैल को बिन्द्रानवागांव रोपणी से होगी, जहां 211 आम के पेड़ों के लिए 4 लाख रुपये की शुरुआती बोली तय की गई है। इसके बाद 16 अप्रैल को कुरूद के भाठागांव में 221 पेड़ों के लिए 1.30 लाख रुपये और 17 अप्रैल को नगरी के सेमरा में 104 पेड़ों के लिए 1 लाख रुपये से बोली शुरू होगी।
नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्तियों को 5 हजार रुपये की अमानत राशि जमा करनी होगी और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। सफल बोलीदाता को 24 घंटे के भीतर कुल राशि का 50 प्रतिशत जमा करना होगा, जबकि बाकी राशि पहली तुड़ाई से एक दिन पहले देनी होगी।
उद्यान विभाग ने बताया कि नीलामी के बाद फलों की सुरक्षा और देखरेख की पूरी जिम्मेदारी खरीदार की होगी। किसी भी प्रकार के नुकसान के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं रहेगा। इच्छुक लोग नीलामी से पहले संबंधित रोपणियों में जाकर आमों की स्थिति देख सकते हैं।

