धमतरी, 09 अप्रैल 2026। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-राहत योजना के तहत धमतरी जिले में पहला सफल कैशलेस इलाज किया गया है। कलेक्टर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और यातायात विभाग के समन्वय से इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयुष्मान भारत योजना से पंजीकृत निजी चिकित्सालय नंदा हॉस्पिटल में यह उपलब्धि दर्ज की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम चिहरो निवासी 23 वर्षीय भागवत प्रसाद दुग्गा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 01 अप्रैल की रात भानुप्रतापपुर के पास हुई दुर्घटना के बाद उन्हें देर रात नंदा हॉस्पिटल, धमतरी में भर्ती कराया गया। जांच में सिर में गंभीर चोट, बाएं फ्रंटल लोब में रक्तस्राव तथा चेहरे की हड्डियों में कई फ्रैक्चर पाए गए। चिकित्सकों ने तत्परता दिखाते हुए पीएम-राहत योजना के तहत उनका पूरी तरह निःशुल्क इलाज शुरू किया।
इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती कराने पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार एक सप्ताह तक उपलब्ध कराया जाता है। समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज से मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और 08 अप्रैल को उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मरीज और उनके परिजनों ने शासन की इस संवेदनशील पहल के प्रति आभार जताया है। वहीं जिले में अन्य घायलों—सूर्यकांत ठाकुर, नारायण साहू और अवन लाल ध्रुव—को भी योजना के तहत निःशुल्क उपचार का लाभ मिला है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत नजदीकी पंजीकृत अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार से उनकी जान बचाई जा सके।
