कुरुद। धमतरी के कुरुद थानांतर्गत मीरादतार रोड, कुरुद के पास बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल देखा गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी गई है। मृतक ने नीले रंग का लोवर और गुलाबी रंग की लाइनिंग वाली हाफ टी-शर्ट पहन रखी है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, जिसके चलते पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आसपास के गांवों एवं थाना क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
थाना कुरुद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि उक्त हुलिए के व्यक्ति के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल थाना कुरुद (07705-223134) या थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9479192212 पर संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
