रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों को दो साल के बजाय तीन साल की छुट्टी मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है, जिसे वित्त विभाग की मंजूरी भी मिल चुकी है।
डॉक्टरों को मिलेगा पूरा समय
नई गाइडलाइन के तहत डॉक्टरों को अब पीजी कोर्स पूरा करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। पहले दो साल की छुट्टी के कारण कई डॉक्टरों को पढ़ाई पूरी करने में कठिनाई होती थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
इन डॉक्टरों को मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तीन साल की छुट्टी का लाभ केवल उन डॉक्टरों को मिलेगा जो 3 मार्च 2025 के बाद विभाग से अनुमति लेकर उच्च शिक्षा के लिए गए हैं या आगे जाएंगे।
पुराने डॉक्टरों को नहीं मिलेगा फायदा
स्पष्ट किया गया है कि 2025 से पहले पीजी पढ़ाई के लिए गए डॉक्टरों को इस नए नियम का लाभ नहीं मिलेगा। यह निर्णय भविष्य में जाने वाले डॉक्टरों को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगा मजबूती
सरकार का मानना है कि इस फैसले से डॉक्टरों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी।
