कुरूद।नगर पंचायत भखारा में पूर्व मंत्री एवं विधायक ने सोमवार को “ऑपरेशन सिंदूर गार्डन” और जिला आजीविका (लाइवलीहुड) कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर उद्घाटन किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम शासकीय आईटीआई भवन परिसर में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत आजीविका महाविद्यालय की शुरुआत की गई। वहीं परिसर के सामने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निर्मित “ऑपरेशन सिंदूर उद्यान” भी जनता को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर गार्डन” आने वाली पीढ़ियों को भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम की याद दिलाएगा। उन्होंने इसे केवल एक उद्यान नहीं, बल्कि देशभक्ति और पर्यावरण जागरूकता का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह के हरित प्रयासों से स्थानीय तापमान में कमी आएगी और लोगों को स्वच्छ व शुद्ध वातावरण मिलेगा।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने वृक्षों की अंधाधुंध कटाई पर चिंता जताई और अपील की कि हर व्यक्ति एक पेड़ अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि वृक्षों का संरक्षण ही भविष्य की सुरक्षा है।
वहीं लाइवलीहुड कॉलेज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि आज के समय में केवल सरकारी नौकरी ही रोजगार का विकल्प नहीं है। कौशल विकास के माध्यम से युवा स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे सड़क, बिजली और पानी जरूरी हैं, वैसे ही कौशल उन्नयन भी आज की आवश्यकता बन चुका है।
कार्यक्रम में जिला आजीविका महाविद्यालय धमतरी के सहायक संचालक डॉ. शैलेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि यह कॉलेज युवाओं के सपनों को उड़ान देने का कार्य करेगा। उन्होंने यहां सौर ऊर्जा सहित विभिन्न ट्रेड शुरू किए जाने की जानकारी दी।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, जिला पंचायत सभापति पूजा राजू सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इमरान बेग ने किया।
