चंदौली: मुगलसराय रिंग रोड पर पिकअप चालक से हुई लूट की घटना का मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस वारदात में बाहरी बदमाश नहीं बल्कि चालक का सगा भाई और उसके साथी ही शामिल निकले। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल, सोने का लॉकेट और घटना में प्रयुक्त तलवार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 1 अप्रैल की रात कुरहना अंडरपास के पास रिंग रोड की सर्विस लेन में पिकअप चालक रोहित पटेल ने वाहन बहाने से रुकवाया। इसी दौरान उसके भाई विपिन कुमार सिंह तथा साथियों आकाश सिंह और विशाल पटेल ने वादी रविन्द्र कुमार को तलवार दिखाकर मारपीट की और करीब 45 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया।
पूछताछ में सामने आया कि रोहित पटेल ने पहले ही अपने भाई को फोन कर बताया था कि वह गोरखपुर से बिक्री के पैसे लेकर लौट रहा है। इसी सूचना पर पूरी साजिश रची गई। घटना को असली दिखाने के लिए आरोपियों ने रोहित के साथ भी मारपीट कर मोबाइल और लॉकेट छीनने का नाटक किया।
अगले दिन सभी आरोपी इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी नाचघर मैदान में लूट के पैसे बांटने पहुंचे जहां पुलिस ने दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से 23 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल, सोने का लॉकेट और तलवार बरामद हुई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।


