दुर्ग जिले के रिसाली क्षेत्र में शनिवार को बिजली लाइन सुधार कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय ठेका श्रमिक रोशन कुमार देवांगन की करंट लगने से मौत हो गई। वह रिसाली नगर निगम में अनस्किल्ड लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। घटना गणेश नगर इलाके की है, जहां बिजली लाइन सुधार का काम चल रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन चालू बिजली लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि मृतक को न तो विधिवत प्रशिक्षण दिया गया था और न ही उसे पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। स्थानीय लोगों और निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि ठेका श्रमिकों से बिना सुरक्षा किट के जोखिम भरे कार्य कराए जाते हैं।
घटना के बाद महापौर शशि सिन्हा ने आपात बैठक बुलाई है, जिसमें संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तलब किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस भी लापरवाही के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।
