धमतरी। जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम आमदी में देर रात लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पूरण मटियारा (41) निवासी आमदी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी शादी समारोह से साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय आसपास मौजूद कुछ युवकों ने हादसा होते देखा। उन्होंने तत्काल अर्जुनी पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान को भी सूचना दी। शिवा प्रधान ने मौके पर पहुंचकर शव को सुरक्षित पैक कराया और उसे जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवाया गया।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संभावित मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।

