सिलौंडी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनारी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बकरी पालक की एक साथ 61 बकरियों की मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित किसान दरबारी लाल यादव उर्फ तन्नूलाल यादव (उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम मझगांव ने बताया कि उन्होंने अपनी बकरियों को रोज की तरह चराने के लिए भेजा था। चरते-चरते एक बाहरी बकरी झुंड से अलग होकर उनके खेत में घुस आई और उनके झुंड में शामिल हो गई।
शाम के समय जब बकरियां वापस नहीं लौटीं, तो वे खेत पहुंचे। वहां का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए — उनकी अधिकांश बकरियां मृत अवस्था में पड़ी थीं।
तुरंत पशु चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने प्राथमिक जांच में बताया कि बकरियां किसी संक्रामक बीमारी की चपेट में आ गई थीं, जिसके चलते महज दो घंटे के भीतर 61 बकरियों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद पीड़ित किसान ने स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दरबारी लाल यादव ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाए, दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा उन्हें हुए भारी आर्थिक नुकसान की भरपाई कर न्याय दिलाया जाए।
प्रशासन से मांग:
– घटना की उच्च स्तरीय जांच
– दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
– आर्थिक सहायता एवं मुआवजा
इस घटना ने क्षेत्र के पशुपालकों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है


