Balrampur News बलरामपुर जिले के रामानुजगंज-रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिनिया के चिनिया मोड़ में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जंगली हाथियों के हमले में 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

महुआ चुनने गई थी किशोरी, अचानक हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोरी की पहचान पिंकी कुमारी (14 वर्ष), पिता बंबइया, निवासी बरदरिया के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम चिनिया आई हुई थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह जंगल में महुआ चुनने गई थी, तभी करीब 22 हाथियों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में किशोरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

तीन दिनों से क्षेत्र में घूम रहा था हाथियों का झुंड
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का यह दल पिछले तीन दिनों से लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा था। इससे पहले ही ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। घटना के समय पास में मौजूद महावीरगंज का एक व्यक्ति किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और वन विभाग
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि ब्रह्मदेव सिंह और सुदामा यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं वन विभाग की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
वन विभाग ने मृतक किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेज दिया है। प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग तेज
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल क्षेत्रों में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
