अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है अमेठी कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, गांव के ही दो युवक पिछले करीब एक साल से किशोरी को लगातार परेशान कर रहे थे और उसके साथ छेड़छाड़ करते थे। सामाजिक भय और बदनामी के कारण पीड़िता अब तक चुप रही थी।
बताया गया कि 30 मार्च 2026 की शाम करीब 6 बजे, जब किशोरी सिलाई सीखकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में नहर की पटरी के पास आरोपियों ने उसकी साइकिल रोक ली और उसके साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका हाथ पकड़कर खींचा। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों की मदद से उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया गया।
भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर पूरी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई,
अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि मामले में दो नामजद आरोपी अनिकेत यादव और अभिनाश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 74, 352, 351(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधन 2015) की धारा 3(1) (द), 3(1) (घ), 3(2) (va) के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक जांच की जा रही है
