अमेठी। जिले के जगदीशपुर क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटेहटी गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि कस्बे में एक अंडे की दुकान से भी नकदी पार कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, कटेहटी गांव निवासी जगन्नाथ उपाध्याय के घर में चोरों ने देर रात घुसकर बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के करीब 10 लाख रुपये के जेवरात व 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। परिवार को घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब वे जागे और कमरे में सामान बिखरा देखा।
बताया गया कि घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य घर के बाहर सो रहे थे, जबकि महिलाएं छत पर थीं। इसी बीच चोरों ने पीछे की खिड़की या छत के रास्ते घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब चार बजे जब परिजन उठे तो बक्सा खुला मिला और सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि घर के मुख्य दरवाजे और खिड़कियों पर किसी प्रकार के तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं।
उधर, एक अन्य घटना में बुधवार रात कस्बे में खान न्यूज एजेंसी के सामने स्थित अंडे की दुकान का गल्ला तोड़कर करीब तीन हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। दुकान संचालक सब्बीर ने सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी पाई और पुलिस को सूचना दी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की जा रही है।
अमेठी में चोरी की दो घटनाएं: घर से 10 लाख के जेवर पार, दुकान का गल्ला भी टूटा
