धमतरी | धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया है। 30 मार्च को मिली सूचना पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां परिजनों ने मौत को ‘सीने में दर्द’ बताया। परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि:
घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के बाद मामले में नया मोड़ तब आया, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण श्वास अवरुद्ध (गला घोंटना) और प्रकृति ‘हॉमीसाइडल’ पाई गई। इससे स्पष्ट हो गया कि नवविवाहिता की हत्या की गई है।
पति ने कबूला जुर्म:
जांच में सामने आया कि मृतका और उसके पति चन्द्रशेखर यादव (26 वर्ष) के बीच संतान को लेकर विवाद होता था। घटना के दिन भी झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। सख्त पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रस्सी बरामद कर 1 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया।
सास ने गुमराह करने की कोशिश:
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी की मां रिना बाई यादव (46 वर्ष) ने सच्चाई छुपाने के लिए मौत को सामान्य बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
