धमतरी | नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर पुलिस और धमतरी ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के आमातालाब रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दबिश देकर उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई तब हुई जब मेडिकल संचालक ने टीम द्वारा भेजे गए एक फर्जी ग्राहक को बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली कफ सिरप की 9 बोतलें थमा दीं।
Amethi Accident: CCTV में कैद बस की टक्कर, पिता-पुत्र की मौके पर मौत
कांकेर में हुई गिरफ्तारी से खुला राज:
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई की जड़ें कांकेर से जुड़ी हैं। वहां पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में ‘प्लेनोकॉफ’ सिरप के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह नशा धमतरी के उक्त मेडिकल स्टोर से खरीदा था। सूचना पुख्ता होते ही कांकेर और धमतरी की टीम ने जाल बिछाया और दुकान को रंगे हाथों पकड़ा।
बड़ी चालाकी से बिछाया गया जाल:
प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को फर्जी ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। दुकानदार ने बिना किसी हिचकिचाहट और बिना वैध पर्ची के कोडीन युक्त सिरप उसे बेच दी। इशारा मिलते ही बाहर खड़ी टीम ने दुकान में दबिश दी। पंचनामा तैयार कर मौके से दवाओं का स्टॉक, बैच नंबर और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं।
होलसेल मार्केट में भी हड़कंप:
रिटेल स्टोर को सील करने के बाद टीम का काफिला धमतरी के एक बड़े होलसेल मेडिकल स्टोर भी पहुंचा। वहां स्टॉक रजिस्टर और सप्लाई चेन की बारीकी से जांच की गई। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कोडीन युक्त दवाओं की इतनी बड़ी खेप बिना रिकॉर्ड के बाजार में कैसे खपाई जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद से शहर के दवा व्यापारियों में हड़कंप का माहौल है।
