धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत बड़ी करेली चौकी क्षेत्र के ग्राम हरदी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरदी निवासी चंद्रशेखर यादव, जो पेशे से चरवाहा है, की पत्नी सोम यादव की सोमवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों द्वारा प्रारंभिक रूप से सीने में दर्द के चलते मौत होने की बात कही जा रही है। हालांकि जब सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया, तो महिला के गले में संदिग्ध निशान पाए गए, जिससे मामला और भी संदेहास्पद हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी करेली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। गले में मिले निशान को देखते हुए मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

