अमेठी: जिले के थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खौपुर मजरे माहेमऊ निवासी कल्लू पुत्र स्वर्गीय बरसाती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 26 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे गांव के ही लालचन्द्र पुत्र अयोध्या प्रसाद उर्फ छेद्दन ने उनके पुत्र रमेश कुमार पर हमला कर दिया। पुरानी बातों को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि लालचन्द्र लाठी लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए रमेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल रमेश को परिजनों द्वारा तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस संबंध में थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
27 मार्च को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी लाल चन्द्र (उम्र 27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार और कांस्टेबल श्याम सुन्दर शामिल रहे।

