अमेठी जिले के भादर विकासखंड अंतर्गत त्रिशुंडी गांव में शनिवार उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह मां-बेटे के बीच हुआ आपसी विवाद बताया जा रहा है।
यह घटना पूजा उपाध्याय के परिवार के घर की है, जहां आए दिन पारिवारिक कलह की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि झगड़े के बाद घर में आग लगाने की यह तीसरी घटना है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही रामगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। चौकी इंचार्ज विकास कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि संबंधित परिवार में अक्सर विवाद होता रहता है और इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
वहीं, पड़ोसी मनीराम वर्मा ने आरोप लगाया कि परिवार का व्यवहार काफी झगड़ालू है। उन्होंने कहा कि कई बार मदद के लिए आगे आने वाले लोगों को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है, जिसके कारण गांव के लोग अब हस्तक्षेप करने से बचते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अमेठी के त्रिशुंडी गांव में फिर जली घर की आग, पारिवारिक विवाद बना वजह
