अमेठी :रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जगदीशपुर क्षेत्र के मुबारकपुर के पास करीब रात दो बजे हुआ, जब गिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान रायबरेली जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सत्तू गांव निवासी विजय कुमार (35) और चंदिका प्रसाद (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों देवरिया से अपने घर रायबरेली लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह भीषण दुर्घटना हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
President Murmu Vrindavan Visit : वृंदावन में श्रद्धा की तस्वीर: राष्ट्रपति मुर्मू ने संत प्रेमानंद के सामने जोड़े हाथ, 25 मिनट तक लिया आध्यात्मिक ज्ञान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुर धीरेन्द्र कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
