जरही.नगर पंचायत जरही के वार्ड क्रमांक 11 एवं वार्ड क्रमांक 12 में गर्मी के समय होने वाली पेयजल समस्या को देखते हुए पार्षदों द्वारा पहल करते हुए पार्षद निधि से बोरिंग कार्य कराया गया है। बोर होने के बाद अब इन दोनों वार्डों के निवासियों को पानी की किल्लत से राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या काफी बढ़ जाती थी, जिससे दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ता था। वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद सिद्धनाथ शर्मा एवं वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद निशा बीजू दासन के द्वारा समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद निधि से बोरिंग करवाया गया, जिससे अब नियमित रूप से पीने का पानी उपलब्ध हो सकेगा। वार्डवासियों ने इस कार्य के लिए पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इस पहल से वार्ड में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और आने वाले समय में पानी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
