सूरजपुर। जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र से दबंगई का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे देखकर आप भी दंग रह जाएंगे। खाड़पारा स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों को अपनी रईसी का शो-ऑफ करना इतना भारी पड़ा कि अब उन्हें सलाखों के पीछे जाने की तैयारी करनी पड़ रही है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक अपनी कार की छत पर शराब की बोतलें लेकर बैठे थे और तेज आवाज में गाना बजाते हुए हुड़दंग कर रहे थे। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने जब इस ‘ओपन बार’ स्टाइल वाली हरकत पर आपत्ति जताई और महिला कर्मचारी समेत अन्य स्टाफ ने उन्हें वहां से जाने को कहा, तो युवकों की ‘ईगो’ हर्ट हो गई।
पहले गए, फिर फौज लेकर लौटे
मना करने पर युवक उस वक्त तो चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे दोबारा वापस आए। इस बार उनका मकसद पेट्रोल भरवाना नहीं, बल्कि विवाद और मारपीट करना था। युवकों ने पंप के कर्मचारियों के साथ जमकर बदसलूकी की और मारपीट पर उतारू हो गए।
CCTV में कैद हुई ‘बहादुरी’
इन युवकों को लगा होगा कि वे बच निकलेंगे, लेकिन पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों ने उनकी सारी करतूत रिकॉर्ड कर ली। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवकों की गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है।


