आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया–जलेसर रोड स्थित एक होटल में शुक्रवार देर रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में हिस्ट्रीशीटर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर चार गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

मृतक की पहचान राज चौहान के रूप में हुई है, जो हाल ही में 2 दिसंबर की रात जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद समर्थकों के साथ जुलूस निकालने को लेकर वह पहले ही चर्चा में आ चुका था। शुक्रवार को वह होटल में अपने साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9:15 बजे कमरे के अंदर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से घायल राज होटल से बाहर गैलरी तक पहुंचा, लेकिन पीछे से आए युवकों ने दोबारा गोलियां चला दीं। राज को चार गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से पुलिस को पांच खोखे, शराब की खाली बोतलें और गिलास बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक राज चौहान का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी रंगबाजी और आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा था। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

