अभिनेता और निर्माता जैकी भगनानी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं। इस बार वजह एक डेटिंग ऐप पर कथित प्रोफाइल का वायरल स्क्रीनशॉट है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर किए गए एक पोस्ट में दावा किया गया है कि जैकी भगनानी के नाम और तस्वीर वाली प्रोफाइल एक्सक्लूसिव डेटिंग ऐप ‘Raya’ पर दिखाई दी है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल स्क्रीनशॉट में ‘Jackky’ नाम की प्रोफाइल नजर आ रही है, जिसमें जैकी भगनानी की तस्वीर लगी हुई है। प्रोफाइल के बायो में “Actor/Producer” लिखा है और लोकेशन लंदन, यूके दिखाई गई है। स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
आधिकारिक पुष्टि नहीं, फैंस कर रहे सवाल
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल हो रही प्रोफाइल वास्तव में जैकी भगनानी की है या किसी ने उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी अकाउंट बनाया है। जैकी भगनानी या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे फर्जी प्रोफाइल बता रहे हैं, जबकि कुछ ने अभिनेता से इस मामले पर सफाई देने की मांग की है।
‘सिचुएशनशिप’ वाले बयान की फिर हुई चर्चा
इस विवाद के बीच जैकी भगनानी का अप्रैल में दिया गया बयान भी फिर से चर्चा में आ गया है। एक यूट्यूब इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि शादी के बाद भी उनका और रकुल प्रीत सिंह का रिश्ता एक तरह की “सिचुएशनशिप” जैसा है। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।
बाद में रकुल प्रीत सिंह ने स्पष्ट किया था कि जैकी के बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उनका आशय केवल यह था कि दोनों के बीच दोस्ती, खुलापन और आपसी समझ पहले की तरह आज भी बनी हुई है।
क्या है Raya ऐप?
Raya एक प्राइवेट और मेंबरशिप-आधारित डेटिंग ऐप है, जिसे मुख्य रूप से सेलिब्रिटीज, क्रिएटिव प्रोफेशनल्स और हाई-प्रोफाइल लोगों के लिए जाना जाता है। इस प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने के लिए आवेदन करना पड़ता है, जिसके बाद समीक्षा के आधार पर सदस्यता दी जाती है।

