कटनी जिले में पुलिस की तत्परता का एक और उदाहरण सामने आया है, जहां चौक समारोह से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की घर से चौक समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन वहां से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने 21 अप्रैल को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर लड़की को अपने साथ ले गया है।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने गुमशुदगी कायम कर तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को जबलपुर जिले के कटंगी क्षेत्र से 24 घंटे के भीतर दस्तयाब कर लिया।
जांच में खुलासा:
नाबालिग लड़की के कथन न्यायालय में कराए गए, जिसमें उसने बताया कि वह अपने माता-पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर बिना बताए रिश्तेदारी में चली गई थी।
पुलिस कार्रवाई:
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सराहनीय भूमिका:
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक भोलाराम गुप्ता, आरक्षक मोहित साहू एवं महिला आरक्षक वंदना सेन की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और टीम की सराहना की जा रही है।

