कटनी जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के दौरान बिचौलियों और रीसाइक्लिंग करने वालों के कुत्सित मंसूबों पर लगाम लगाने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में संयुक्त टीम ने स्लीमनाबाद क्षेत्र के ग्राम धूरी में छापामार कार्रवाई करते हुए भंडारित गेहूं की जांच की।
एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया के मार्गदर्शन में गठित इस विशेष टीम में तहसीलदार स्लीमनाबाद आकाशदीप नामदेव, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सारिका रावत और नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव शामिल रहे। इनके साथ कृषि उपज मंडी समिति के उड़नदस्ता प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, विकास मिश्रा और प्रशांत मौर्य की टीम ने ग्राम धुरी के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर दबिश दी।
निरीक्षण के दौरान आशीष सोनी के पास 2200 बोरी, बृजेश सोनी के पास 950 बोरी, आकाश मौर्य के पास 654 बोरी एवं ओंकार साहू के पास से 330 बोरी गेहूं भंडारित पाया गया।
संयुक्त टीम ने नारायण सोनी के 4 शटर वाले गोदाम में रखे गए अवैध स्टॉक को मौके पर ही सील कर दिया है।
राजस्व और मंडी समिति की टीम ने बताया कि मामले को विवेचना में लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई मंडी अधिनियम के तहत की जाएगी।
रीसाइक्लिंग पर रोक लगाने का प्रयास
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासकीय उपार्जन में रीसाइक्लिंग (पुराने या खरीदे हुए गेहूं को समर्थन मूल्य पर बेचना) को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों से सरकारी खजाने की रक्षा करना और यह सुनिश्चित करना है कि शासन द्वारा दिए जा रहे समर्थन मूल्य का सीधा लाभ केवल वास्तविक किसानों को ही मिले

