कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में अंधविश्वास का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भूत-प्रेत की अफवाह के कारण एक किसान की पकी हुई गेहूं की फसल की कटाई रुक गई है।
अंतर्वेद गनियारी निवासी किसान चक्रेश मिश्रा ने एसडीएम को लिखित आवेदन देकर बताया कि कुछ हार्वेस्टर सं
चालक और एजेंट खेत में भूत-प्रेत के साए की झूठी खबर फैला रहे हैं। इसके चलते तीन एकड़ में तैयार खड़ी गेहूं की फसल की कटाई नहीं हो पा रही है।
किसान का आरोप है कि ये लोग खुद भी फसल नहीं काट रहे और अन्य हार्वेस्टर संचालकों को भी गुमराह कर रहे हैं। इतना ही नहीं, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए भी इस अफवाह को फैलाया जा रहा है, जिससे कोई भी मशीन खेत में जाने को तैयार नहीं है।
पीड़ित किसान ने यह भी आशंका जताई है कि क्षेत्र में नरवाई जलाने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे गर्मी के मौसम में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने आवेदन में मांग की है कि यदि किसी प्रकार का नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी अफवाह फैलाने वालों की हो।
मामले में एसडीएम निधि गोहल ने हार्वेस्टर संचालकों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि किसान की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है और एएसआई संतोष विश्वकर्मा मामले की पड़ताल कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही किसान के खेत की कटाई कराई जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन ने किसान को जल्द समाधान का भरोसा दिया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और अफवाहों के खतरे को उजागर कर दिया है।
