अमेठी जिले के कमरौली थाना क्षेत्र स्थित आयशा चाइल्ड केयर अस्पताल में सोमवार शाम एक नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण मासूम की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया।

जामो थाना क्षेत्र के रेसी गांव निवासी मोहम्मद अमीन ने थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार 3 अप्रैल 2026 को उनके पोते का जन्म जगदीशपुर स्थित एक नर्सिंग होम में हुआ था। जन्म के बाद नवजात को पेशाब न होने की समस्या बताई गई, जिसके बाद उसे कमरौली स्थित आयशा चाइल्ड केयर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे को भर्ती कर ऑक्सीजन पर रखा गया और हालत गंभीर बताते हुए महंगी मशीन पर रखने की सलाह दी गई। इसके लिए प्रतिदिन लगभग 12 हजार रुपये खर्च बताए गए। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार बच्चे को किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें आश्वासन देकर वहीं रोके रखा।
परिवार का यह भी आरोप है कि इलाज के नाम पर करीब दो लाख रुपये लिए गए, बावजूद इसके बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बोले जिम्मेदार:
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
