चंदौली: जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है जहां एक पति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से लोहे की रॉड से पीटकर निर्मम हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला बिछिया खुर्द (सदर कोतवाली क्षेत्र) का है। मृतका की पहचान सोनी खरवार के रूप में हुई है जिसकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चलता रहता था।
मायका पक्ष ने बताया कि काफी समय से सोनी से संपर्क नहीं हो पा रहा था। चिंतित परिजन सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस जब घर पहुंची तो हत्या की आशंका सामने आई।
आरोप है कि पति गौतम खरवार ने घर में ही लोहे की रॉड से पत्नी की हत्या कर दी और बाद में चार पहिया वाहन से शव को नौगढ़ के जंगलों में फेंक दिया।
मायका पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि पुलिस मृतका के शव को बरामद कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
