सूरजपुर। प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र बोंगा के प्राथमिक शाला सराईडाड़ में एक शिक्षक पर शराब के नशे में बच्चों को पढ़ाने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि 3 मार्च 2026 को सहायक शिक्षक रोशन लाल उरांव विद्यालय में कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे और कक्षा में कुर्सी पर पैर रखकर बच्चों को पढ़ाते नजर आए।
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक की यह हरकत पहली बार नहीं है, बल्कि पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं। बावजूद इसके, विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि ऐसे शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। इधर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की जा रही है।


