सोनगरा से जरही तक सड़क पर धूल का गुबार व्यापारियों का व्यापार प्रभावित
दोपहिया वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी; रात में सफर करना भी मुश्किल
अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर सोनगरा से जरही तक सड़क की हालत खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग पर आवागमन करना काफी कठिन हो गया है। वहीं, रात के समय इस मार्ग से गुजरना और भी परेशानी भरा साबित हो रहा है। सोनगरा से जरही तक मुख्य सड़क की बदहाली के लिए चेन्नई राधा कंपनी की कोयला लोड गाड़ियों की आवाजाही को जिम्मेदार बताया जा रहा है। आरोप है कि कंपनी की कोयला गाड़ियां लगातार इस मार्ग से कोयला परिवहन कर रही हैं, जिससे सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क को नुकसान पहुंचने और धूल की समस्या बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।सोनगरा से जरही तक सड़क पर उड़ने वाली धूल के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण सामने से आने वाले वाहनों को देखना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। रात के समय कम दृश्यता और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सफर करना लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा है। लगातार नियमों को ताक पर रख कर सड़क पर दौड़ रही इन कोयला परिवहन की गाड़ियों पर आज तक किसी भी प्रकार की कोई भी कार्यवाही नहीं हो सकी है जबकि कई नियमों का उल्लंघन प्रतिदिन किया रहा है।

