यशवंत गंजीर,धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ और ताबीज पहनाने का झांसा देकर एक महिला से अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने पूजा-पाठ के बहाने उसे कमरे में अकेला बुलाया और उसके साथ अशोभनीय एवं अश्लील हरकत करते हुए उसकी अस्मिता भंग करने का प्रयास किया। महिला के विरोध कर शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
CG Crime News : कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाली 2 युवतियां गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश्वर प्रसाद चौरे उर्फ मोची गब्बर (30 वर्ष) निवासी ग्राम देमार, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा महिलाओं से जुड़े अपराधों में दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

