यशवंत गंजीर, धमतरी |धमतरी के देवेंद्र अजमानी इन दिनों अपनी 20 साल पुरानी मोपेड को लेकर शहर में कौतूहल का विषय बने हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीद देवेंद्र ने अपनी वर्ष 2006 मॉडल की कबाड़ हो चुकी मोपेड को पूरी तरह से ‘भाजपा थीम’ में रंग दिया है। मजे की बात यह है कि इस मोपेड की मौजूदा कीमत महज 3 हजार रुपये है, लेकिन उन्होंने इसे नया रूप देने में 5 हजार रुपये खर्च कर डाले। गाड़ी पर बड़े अक्षरों में “आपमन के संगवारी देवेंद्र अजमानी, छत्तीसगढ़ राज्य सैनानी” लिखवाया गया है।
CG NEWS : रायपुर बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा पर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी, युवक के खिलाफ FIR दर्ज
अजमानी ने दावा किया कि वे 43 वर्षों तक एक विपक्षी दल में रहे, जहां उन्हें सिर्फ प्रताड़ना मिली और कारोबार चौपट हो गया। आज वे किराए के मकान में रहते हैं, लेकिन इस मोपेड को कभी नहीं बेचेंगे। इस चलते-फिरते ‘भाजपा रथ’ पर PM मोदी, CM विष्णुदेव साय, दोनों डिप्टी सीएम सहित धमतरी महापौर रामू रोहरा और जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस की तस्वीरें आकर्षण का केंद्र हैं।
जल्द मिलेगी भाजपा की सदस्यता
इतने बड़े प्रशंसक होने के बावजूद देवेंद्र को अभी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता का इंतजार है। इस अनोखे ‘मोदी प्रेम’ पर धमतरी महापौर रामू रोहरा ने उनकी पहल की सराहना की है। महापौर ने कहा कि देवेंद्र का यह प्रयास पार्टी के प्रति उनके गहरे स्नेह को दर्शाता है। उन्होंने जिला अध्यक्ष से चर्चा कर देवेंद्र को जल्द ही भाजपा की सदस्यता दिलाने का भरोसा दिया है।

