कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र से इंसानियत की एक दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी से बढ़कर एक बेटे का फर्ज निभाया।
दरअसल, करीब 75 वर्षीय एक वृद्ध महिला रास्ता भटक गई थीं और सड़क किनारे बैठकर किसी मददगार का इंतजार कर रही थीं, ताकि वह अपने घर का रास्ता पूछ सकें। तभी डायल 112 पर गश्त कर रहे रीठी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय मेहरा की नजर उस घबराई हुई अम्मा पर पड़ी।
जैसे ही पुलिस वाहन महिला के पास पहुंचा, उनके चेहरे पर उम्मीद की किरण नजर आई। प्रधान आरक्षक अजय मेहरा ने बेहद संवेदनशीलता के साथ अम्मा से बातचीत की और उनकी परेशानी समझी। महिला ने बताया कि वह रास्ता भटक गई हैं और अपने घर नहीं पहुंच पा रही हैं।
पुलिसकर्मी ने बिना देर किए पहले अम्मा को पानी पिलाया, खाना खिलाया और उन्हें शांत कराया। इसके बाद डायल 112 की मदद से महिला को सुरक्षित रीठी थाना क्षेत्र के वसुधा गांव तक पहुंचाया गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता की मिसाल भी पेश करती है। अजय मेहरा का यह कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायक भी है।

