BY -Kuleshwar Kuswaha
बलरामपुर -जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में हाल ही में वायरल हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान राहुल जीत सिंह के रूप में हुई है, जिसने बीती रात फूड इंस्पेक्टर के साथ विवाद के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम के सामने जमकर हंगामा किया था।
यह पूरा घटनाक्रम उस समय सुर्खियों में आया जब युवक का पुलिस वाहन के बोनट पर बैठकर विरोध करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवक अधिकारियों के साथ बहस करता और कार्रवाई का विरोध करता नजर आ रहा था।

फूड इंस्पेक्टर की कार्रवाई से शुरू हुआ विवाद

फूड इंस्पेक्टर की कार्रवाई से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, फूड इंस्पेक्टर क्षेत्र में होटलों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग के खिलाफ कार्रवाई करने निकले थे। जांच के दौरान कई होटलों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद जब्ती की कार्रवाई की जा रही थी।
इसी दौरान राहुल जीत सिंह मौके पर पहुंचा और कार्रवाई का विरोध करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने फूड इंस्पेक्टर से माफी मांगने की जिद पकड़ ली और अधिकारियों के साथ तीखी बहस शुरू कर दी।

पुलिस गाड़ी के बोनट पर बैठकर किया हंगामा

पुलिस गाड़ी के बोनट पर बैठकर किया हंगामा
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब युवक ने पुलिस और प्रशासन की टीम के समझाने के बावजूद अपनी हरकतें नहीं रोकीं। बताया जा रहा है कि समझाइश देने पहुंची पुलिस की गाड़ी के बोनट पर युवक चढ़कर बैठ गया और लंबे समय तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना से प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
फूड इंस्पेक्टर ने दर्ज कराई नामजद शिकायत
घटना के बाद फूड इंस्पेक्टर ने आरोपी युवक के खिलाफ रामानुजगंज थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने, अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप लगाए गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए रामानुजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल जीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
