अमेठी। जनपद के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जहां ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, निहालगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पिछूती कोट गांव निवासी 27 वर्षीय शिवम सिंह अपनी भाभी खुशबू और उनके चार वर्षीय जुड़वा बच्चों उन्नत व खुशबू को लेकर लखनऊ दवा लेने जा रहे थे। तड़के करीब 4 बजे वह कचनाव स्थित अपनी मौसी शारदा सिंह के घर से इलाज के लिए पैसे लेकर निकले थे।
बताया गया कि सुबह लगभग 5 बजे सुल्तानपुर से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन निहालगढ़ स्टेशन पर पहुंची। शिवम ने पहले दोनों बच्चों को सुरक्षित ट्रेन में चढ़ाया और फिर अपनी भाभी को चढ़ाने लगे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के पायदान के बीच गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तत्काल युवक को बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर, जगदीशपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता राम मनोरथ सिंह और माता दुर्गावती गहरे सदमे में हैं। परिवार में बड़े भाई सत्यम सिंह सूरत में रहकर काम करते हैं। शिवम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि आगामी 28 अप्रैल को उनकी बहन खुशी की गोद भराई का कार्यक्रम होना था, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्टेशन अधीक्षक लखनलाल मीना ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेन को कुछ मिनट रोकने के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
निहालगढ़ स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन में चढ़ते समय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
