कुरुद। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर भखारा स्थित भाजपा कार्यालय में सोमवार को सादगीपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी।
अपने संबोधन में विधायक चंद्राकर ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त विचारधारा है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी दृष्टिकोण, अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व तथा वर्तमान में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, “स्थापना दिवस हमें उन महापुरुषों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया। राजनीति हमारे लिए सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का पवित्र मार्ग है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक चंद्राकर ने 6 से 14 अप्रैल तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया। साथ ही वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा को जनविश्वास प्राप्त पार्टी बताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को भाजपा प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी किरण बघेल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिन्हा, जनपद उपाध्यक्ष सतीश जैन, सभापति आनंद यदु, सिंधु बैस, विष्णु साहू, मंडल अध्यक्ष रवि सिन्हा, रामस्वरूप साहू, पुष्पलता देवांगन, भीम साहू, छत्रपाल बैस, दुलार सिन्हा, नंदकुमार साहू एवं डिकेश्वरी देवांगन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

