कटनी | कोतवाली थाना क्षेत्र कटनी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती शंभु टाकीज रोड पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पूल खेलकर घर लौट रहे एक नाबालिग पर अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आजाद चौक निवासी नाबालिग अपने दोस्तों के साथ नई बस्ती में पूल खेलने गया था। खेल खत्म कर जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान चाकू इतनी जोर से मारा गया कि उसकी जांघ में ब्लेड का हिस्सा टूटकर अंदर ही फंस गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल नाबालिग की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
