रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक राजीव भवन, शंकर नगर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत एवं पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव एवं जिला बूथ प्रभारी, पूर्व विधायक कुरूद लेखराम साहू ने जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। भानुप्रतापपुर विधानसभा के ग्राम राड़वाही में रात्रि प्रवास कर बूथ कमेटी गठन की जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार कांकेर जिले में लगभग 80 प्रतिशत बूथ कमेटियों का गठन पूरा हो चुका है। लेखराम साहू और बसंत यादव की सक्रियता, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा से प्रभावित होकर सभी वरिष्ठ नेताओं ने उनकी सराहना की तथा संगठन को और मजबूत बनाने के लिए इसी तरह कार्य करते रहने का आह्वान किया।

