कटनी जिले के थाना रीठी क्षेत्र अंतर्गत हुए जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए फरार आरोपियों को बिहार के पटना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रीठी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुरानी रंजिश में हुई थी बेरहमी से हत्या
घटना 12 मार्च 2026 की है, जब फरियादिया डिजाईन बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम बूढ़ा ललितपुर के मेहराज पारधी, टन्नी पारधी, कलवा पारधी, जबल पारधी सहित अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके पति उन्हत्तर पारधी को ऑटो से उतारकर अपने साथ ले गए और चाकू व बका से बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहाड़ी के नीचे गड्ढे में फेंक दिया गया।
मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की।
बिहार में छिपे थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए और पारधी समुदाय के साथ डेरा बदलकर अज्ञात स्थानों पर छिपते रहे। लगातार दबिश के बावजूद जब सुराग नहीं मिला, तब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिहार के पटना जिले में छिपे हैं।
तत्काल पुलिस टीम का गठन कर बिहार भेजा गया, जहां गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाकर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों—मेहराज पारधी, टन्नी पारधी, अजूबा पारधी, ओकीन पारधी और सोजन पारधी को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और वाहन भी जब्त
गिरफ्तार आरोपियों से घटना में प्रयुक्त 2 चाकू, 1 बका, 1 डंडा और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद सहित उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक एवं साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस मुस्तैदी से गंभीर अपराध का जल्द खुलासा संभव हो सका।
पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

