By-Kuleshwar Kuswaha
बलरामपुर -जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लग्जरी कार में शराब की खेप लेकर जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 46 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की है। मामला रामचन्द्रपुर थाना क्षेत्र का है, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।

झारखंड से छत्तीसगढ़ में खपाने की थी तैयारी ..
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी झारखंड से अवैध शराब लेकर छत्तीसगढ़ में खपाने की फिराक में थे। लग्जरी कार का उपयोग कर वे पुलिस की नजरों से बचकर शराब की सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब की यह खेप स्थानीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर रामचन्द्रपुर थाना पुलिस ने संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

कहां के रहने वाले हैं आरोपी….
गिरफ्तार आरोपी झारखंड राज्य के जिला गढ़वा के रहने वाले हैं अभिमन्यु गुप्ता, पिता हरिप्रसाद गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, ग्राम डोल, वार्ड क्रमांक 5, थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) प्रभात कुमार गुप्ता, पिता अशोक गुप्ता, उम्र 23 वर्ष, ग्राम डोल, वार्ड क्रमांक 5, थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) दोनों आरोपी झारखंड से अवैध शराब लेकर छत्तीसगढ़ के रामचंद्रपुर क्षेत्र में खपाने की फिराक में थे। उन पर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला कायम किया गया है, जो अवैध रूप से शराब का परिवहन और विक्रय करने से संबंधित गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी ….
जैसे ही संदिग्ध लग्जरी कार क्षेत्र में दाखिल हुई, पुलिस टीम ने रणनीति के तहत घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस ने जब्त शराब और वाहन को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस की सख्ती से तस्करों में हड़कंप….
रामचन्द्रपुर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ती निगरानी और सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। इस सफलता को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

