अमेठी। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अब लोग तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की ओर रुख कर रहे हैं। विशेष रूप से दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सामान्य एजेंसियों पर इन वाहनों की बिक्री में तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो बाजार में ईवी की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है।
डीलरों के मुताबिक, पहले जहां प्रतिदिन केवल 2 से 3 ईवी वाहन बिकते थे, वहीं अब ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वर्तमान में यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन लगभग 15 तक पहुंच गई है। बाजार में दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन 30,000 रुपये से लेकर 60,000 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं, जो पेट्रोल से चलने वाले वाहनों की तुलना में काफी किफायती साबित हो रहे हैं।
अंतू रोड स्थित लक्ष्मी एंटरप्राइजेज पर इन दिनों ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकान संचालक नीरज मिश्रा के अनुसार, इस समय ईवी वाहनों की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है। पहले जहां सीमित संख्या में ग्राहक आते थे, वहीं अब लगातार ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों का मासिक बजट प्रभावित हुआ है, जिसके चलते लोग अब कम खर्च वाले विकल्प की तलाश कर रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहन इस जरूरत को पूरा कर रहे हैं, क्योंकि इनमें ईंधन का खर्च नहीं होता और रखरखाव भी बेहद कम है।
ग्राहकों का कहना है कि ईवी न सिर्फ किफायती हैं, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर विकल्प हैं। घर पर आसानी से चार्जिंग की सुविधा और कम चलाने की लागत इसे और आकर्षक बनाती है।
पेट्रोल-डीजल महंगे, अमेठी में ईवी की मांग में जबरदस्त उछाल
