कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा के पास रजा मार्बल के नजदीक एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक स्वराज माजदा वाहन के चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान राकेश दाहिया (उम्र 42 वर्ष), पिता घासी राम दहिया, निवासी लखराम मोहल्ला वार्ड नंबर 14 खितौला (सिहोरा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश पेशे से ट्रक ड्राइवर था और जबलपुर की स्वराज माजदा गाड़ी क्रमांक MP 20 GA 6242 चला रहा था।
परिजनों के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को राकेश स्वराज माजदा लेकर कटनी गया था और वहां से बिलहरी से मटके लोड कर जबलपुर के लिए रवाना हुआ था। लेकिन रास्ते में क्या हुआ, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।
थाना प्रभारी सुदेश समन ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल की देर रात करीब 2 बजे एनएचआई के माध्यम से सूचना मिली कि छपरा के आगे रजा मार्बल के पास एक गाड़ी खड़ी है, जिसमें एक शव मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया।
वहीं, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर एक खून लगी रॉड भी बरामद की गई है। फिंगरप्रिंट टीम द्वारा वाहन की बारीकी से जांच की गई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

