By- Kuleshwar Kuswaha
बलरामपुर – जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तातापानी में आयोजित तातापानी महोत्सव इन दिनों पूरे अंचल में चर्चा का विषय बना हुआ है। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर शुरू हुए इस महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज से आए पर्यटक भी शामिल हो रहे हैं। महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम स्थल दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया और लोगों ने देर रात तक सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।

महोत्सव के मंच पर स्कूली बच्चों से लेकर कॉलेज के छात्र-छात्राओं तक ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्य, छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आधुनिक थीम पर आधारित ट्रैवल फैशन शो ने दर्शकों का मन मोह लिया। हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती रही, जिससे कलाकारों का उत्साह और भी बढ़ता नजर आया।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण देर शाम बॉलीवुड के प्रसिद्ध एंकर एवं गायक आदित्य नारायण की शानदार लाइव प्रस्तुति रही। अपने लोकप्रिय गीतों से उन्होंने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। जैसे ही वे मंच पर आए, दर्शकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया और युवा वर्ग उनके गीतों पर झूमता नजर आया। उनकी प्रस्तुति ने महोत्सव की रौनक को और भी बढ़ा दिया।
-
महोत्सव के दौरान स्थानीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इससे न केवल स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। तातापानी महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों ने भी बढ़-चला का हिस्सा लिया व अपने कल का प्रदर्शन मंच के माध्यम से किया।
आज महोत्सव के तीसरे दिन भोजपुरी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध भोजपुरी गायक रितेश पांडे और डिंपल सिंह अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। आयोजकों के अनुसार तीसरे दिन की संध्या को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
तातापानी महोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम बन रहा है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

