कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में ग्राम भमका और परसेल के बीच गिरुहा नाला के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक तेंदुए का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। रविवार दोपहर घटना सामने आते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
करंट लगने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी, जो पेड़ से टकरा रही थी। पेड़ के तने पर जले के निशान भी मिले हैं, जिससे करंट लगने से तेंदुए की मौत की आशंका जताई जा रही है।
इलाके में थी गतिविधि
बताया जा रहा है कि पिछले 3–4 दिनों से तेंदुआ इसी क्षेत्र में सक्रिय था और गिरुहा नाला में पानी होने के कारण वहीं आसपास डेरा जमाए हुए था।
वन विभाग की जांच तेज
सूचना मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।
अधिकारी ने लिया जायजा
डिप्टी डीएम अभिश्वेता रावत ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच हो रही है। अगर बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद जंगलों में गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने नियमित जांच और मरम्मत की मांग की है।

